Spread the love

एजेंसी
चंडीगढ़


पंजाब में आप की नई भगवंत मान सरकार के मंत्रिमंडल गठन में 10 कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किया गया है। इसके बाद मंत्रिमंडल की बैठक हुई। मंत्रिमंडल में कई अहम फैसलों पर चर्चा हुई है।

मंत्रिमंडल ने 25 हजार पदों पर तत्काल भर्ती को मंजूरी दे दी है। बोर्ड, कारपोरेशन और सरकारी दफ्तरों में खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। पुलिस विभाग में 10 हजार भर्तियां होंगी। मंत्रिमंडल ने तीन महीने का वोट आन अकाउंट लेने का फैसला किया है। बजट जून महीने में पेश किया जाएगा। कैबिनेट ने सप्लीमेंट्री ग्रांट्स को भी मंजूरी दे दी है।

कैबिनेट बैठक के बाद एक वीडियो जारी कर भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने चुनाव में वादा किया था कि राज्य में बेरोजगारी दूर करने के लिए वह पहला कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा था कि सीएम बनने के बाद पहला हरा पैन भर्ती के लिए चलेगा।

मान ने कहा कि पंजाब कैबिनेट की पहली बैठक में उन्होंने 25 हजार युवाओं को नौकरी देने का फैसला किया। कहा कि पंजाब के युवा बेरोजगारी के कारण विदेशों की ओर भाग रहे हैं। हम युवाओं को रोजगार देंगे।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि जितनी भी नौकरियां मिलेंगी डिग्री के मुताबिक ही मिलेंगी। नौकरियों में कोई रिश्वत नहीं चलेगी। कोई भेदभाव नहीं होगा। एक महीने के भीतर पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार के इस निर्णय पर उन्हें बधाई दी है।

मंत्रिमंडल बैठक में हरपाल सिंह चीमा, डा. बलजीत कौर, डा. हरभजन सिंह, डा. विजय सिंगला, लालचंद कटारू चक्क, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलजीत सिंह धालीवाल, लाल जीत सिंह भुल्लर, ब्रह्मशंकर जिंपा व हरजोत सिंह बैंस शामिल हुए।

मंत्री पद की शपथ लेने के बाद बलजीत कौर ने कहा कि वह पार्टी की सच्ची सिपाही बनकर काम करेंगी। पंजाब में जितनी महिला विधायक जीतकर आई हैं सब को मान सम्मान मिलेगा। बलजीत कौर ने कहा कि कैबिनेट में महिला को मौका देकर केजरीवाल साहब ने अच्छा संकेत दिया है।

उन्होंने कहा कि महिला शक्तिकरण का दौर चल रहा है, जो भी विभाग मिलेगा उस पर अच्छे से अच्छा काम करने की कोशिश कंरूगी। ध्यान रहे कि दिल्ली में केजरीवाल के मंत्रिमंडल में एक भी महिला मंत्री नहीं है। मंत्री पद की शपथ लेने पहुंची बलजीत कौर ने कहा कि मुझे वो सारे लोग याद आ रहे हैं, जिन्होंने मुझे यहां पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी से वफादारी का फल दिया है।

मंत्री बने गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि आम परिवार से हूं। मंत्री पद की शपथ ली है, लेकिन इससे पहले भी राजभवन में आता रहता हूं। कभी कोई मांग पत्र देने तो कभी पार्टी वर्कर के तौर पर। पार्टी ने आम घरों के लोगों को मौका दिया है। आम लोगों के लिए काम किया जाएगा। लोगों ने जो उम्मीदें लगाई है उनको पूरा किया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को हराने वाले विधायक गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि आज नई सरकार बन रही है। यह लोगों की अपनी सरकार है। पंजाब लंबे समय से बदलाव चाहता था, बदलाव हुआ और आगे भी होगा। मुझे लोगों ने जो मौका दिया उस पर खरा उतंरूगा।

विधायक प्रो. बुद्धराम ने कहा कि पंजाब को यह संदेश दिया जा रहा है कि पंजाब को लेकर सोच समझकर निर्णय लिए जा रहे हैं। पार्टी सुप्रीमो ने जो मंत्रियों को लेकर फैसला लिया है हम सब उसके साथ हैं। पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म होगा जिसकी शुरुआत हो गई।

प्रो. बुद्धराम ने कहा कि हमारे सारे विधायक और मंत्री ईमानदार होंगे। हम लोगों के मुताबिक काम करेंगे। लोग अगली बार भी हमें चुनेेंगे। कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे विधायकों ने कहा कि पार्टी से लोगों को बहुत उम्मीदें हैं। इन उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!