Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
नाहन

कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों देखते हुये शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नाहन पहुंचे और अधिकारियों के साथ कोरोना समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री नाहन मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद वह सीधे नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सीएम ने इमरजेंसी कक्ष और आईसीयू का जायजा भी लिया।

लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि आईसीयू को पूरी तरह से खाली करवा दिया गया था। जबकि कोरोना संक्रमित मरीज सड़कों पर पड़े थे। इतना ही नहीं बल्कि एक कोरोना संक्रमित महिला फर्श पर तड़प रही थी। लेकिन मेडिकल कालेज के किसी भी अधिकारी या चिकित्सक ने इस पर कोई गौर नहीं किया। मुख्यमंत्री का काफिला भी यूं ही गुजर गया।

हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही को लेकर मरीजों के परिजनों ने मुख्यमंत्री के आगे जमकर गुबार निकाला। एक महिला जिसके पति की हालत बेहद खराब है और कुछ ऐसे भी थे जिनके परिवार के कुछ लोग कोरोना से मर चुके थे। उनके मृतक शरीर के साथ जो डॉक्टरों ने खिलवाड़ किया उसको लेकर भी स्थिति से अवगत कराया गया।

इन पीड़ित परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नर्सिंग स्टाफ की जमकर तारीफ भी की। स्थानीय विधायक ने भी लोगों की बातों का समर्थन करते हुए चिकित्सकों की लापरवाही की जानकारी दी।

डॉ राजीव बिंदल ने नाहन मेडिकल कॉलेज में कोरोना के लेकर जो कमियां अस्पताल में मौजूदा समय हैं उनको लेकर अवगत कराया। लेकिन इसके बावजूद भी मुख्यमंत्री ने कोई गंभीर निर्देश इस बाबत नहीं दिये।

कोरोना संक्रमित मरीज की तीमारदार महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोविड-19 वार्ड में केवल नर्स और सफाई कर्मचारी ही उनकी देखरेख करते हैं। जबकि डॉक्टर कभी भी उनके वार्ड में निरीक्षण करने नहीं आते हैं।

उल्लेखनीय है कि कि जिला सिरमौर में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन अपनी तरफ से हर स्थिति से निपटने को लेकर प्रतिदिन रणनीतियां बना रहा है। बावजूद इसके जिला में अब स्थिति लगभग नियंत्रण से बाहर होती नजर आ रही है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!