Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
शिमला

जिला के रोहडू भाजपा मंडल में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी किये जाने पर बगावत शुरू हो गई है। जिला व मंडल स्तर के करीब 70 पदाधिकारियों ने स्थानीय नेतृत्व से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफे दे दिए हैं। हालांकि पार्टी हाईकमान ने पदाधिकारियों के इस्तीफों को कई दिनों तक गोपनीय रखा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा के पदाधिकारियों में जिला महासू के उपाध्यक्ष राजेंद्र धीरटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद धीमान, जिला कार्यकारिणी सदस्य रमेश भावटा, पूर्व में रोहडू से विधानसभा चुनाव लड़ चुके बालक राम नेगी, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के ससुर सहित 14 ग्राम केंद्र अध्यक्ष, 27 बूथ पालक, 12 बूथ प्रधानों ने अपने पद से इस्तीफे दिए हैं।

इन पदाधिकारियों का आरोप है कि रोहडू में भाजपा नेतृत्व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहा है। हालांकि पार्टी हाईकमान व मंडल की ओर से अभी तक इस्तीफे मंजूर नहीं किए गए। महासू भाजपा मंडल के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र धीरटा ने बताया कि इस्तीफे पार्टी से नहीं केवल पद से दिए गए हैं।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। अब हाईकमान क्या निर्णय लेगा, इसका इंतजार हैं। भाजपा मंडल रोहडू के अध्यक्ष बलदेव रांटा का कहना है इस्तीफे सौंपने वालों में तीन लोग जिला के पदाधिकारी हैं। मंडलस्तर के अधिकांश लोग पहले से पदमुक्त हैं। उनके पास कोई पद नहीं है। इसलिए ऐसे लोगों के पद से इस्तीफे कैसे हो सकते हैं। फिलहाल इस घटनाक्रम से भाजपा में बवाल मचा हुआ है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!