बद्दी / सिसवां, करंट न्यूज़ : हिमाचल के फार्मा हब बद्दी में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसता जा रहा है। गत दिनों लाखों की नशीली दवाइयां पकड़े जाने के बाद अब चंडीगढ़-बद्दी अंतर्राज्यीय मार्ग पर सिसवां (पंजाब) में बड़ी कार्रवाई हुई है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो का बड़ा एक्शन
केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम ने एक ट्रक से नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं की भारी खेप बरामद की है। दवाइयों को 120 मास्टर कार्टन में छिपाकर ले जाया जा रहा था। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
क्या-क्या बरामद हुआ? – 67.80 लाख का जखीरा
ट्रक की तलाशी में कुल 67 लाख 80 हजार रुपये की साइकोट्रोपिक दवाएं मिलीं।

- 59,08,100 अल्प्राजोलम टैबलेट
- 7,47,780 ट्रामाडोल कैप्सूल
- 23,700 नाइट्राजेपाम टैबलेट
- 400 क्लोनाजेपाम टैबलेट
बड़ा खुलासा: मिटाए गए बैच नंबर और एक्सपायरी डेट
जांच में सनसनीखेज बात सामने आई है। कई दवाओं की ब्लिस्टर स्ट्रिप और पैकेट से बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी। साथ ही इन दवाओं को ले जाने के लिए कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं था।

इससे साफ है कि यह खेप काले बाजार में नशे के लिए सप्लाई की जानी थी।
कहां से आ रही थी खेप? जांच जारी
अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह खेप हिमाचल के बद्दी से जा रही थी या हरियाणा से लाई जा रही थी। NCB ने ट्रक और पूरी खेप को NDPS एक्ट के तहत जब्त कर लिया है और इसके पीछे के बड़े नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है।