Spread the love

केलंग, करंट न्यूज़ :  लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि स्पीति की पिन घाटी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। लोक निर्माण विभाग के सिविल एवं मैकेनिकल विंग ने हारो नाले पर पुल को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है। पुल के शुरू होने से अब बरसात में नाला पार करने का जोखिम पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

विधायक अनुराधा राणा ने लोक निर्माण विभाग काजा के सिविल और मैकेनिकल दोनों विंग के अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पुल से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर उन्होंने TAC छेवांग, बूथ अध्यक्ष तन्डुप दोरजे एवं सभी ग्रामवासियों का पुल निर्माण में हर संभव सहयोग देने के लिए हार्दिक आभार भी जताया।

*ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ*

पिन घाटी में हारो नाला आवागमन का मुख्य मार्ग है। पुल बनने से घाटी के आसपास के गांवों के किसानों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और मरीजों को काजा सहित अन्य क्षेत्रों तक सालभर सुरक्षित और सुगम आवाजाही मिल सकेगी।

पहले बरसात में नाले का जलस्तर बढ़ने पर आवाजाही बंद हो जाती थी। अब यह समस्या पूरी तरह दूर हो जाएगी।

फिलहाल पुल को लॉन्च कर दिया गया है और इसे जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

विधायक ने कहा कि इस पुल से क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास तेज होगा। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में आसानी होगी और आपातकाल में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।

विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि यह पुल पिन घाटी के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!