Spread the love

सुरक्षा के दृष्टिगत 9 सेक्टरों में बांटा मनाली, 600 जवान तैनात

मनाली, करंट न्यूज़ : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय हिमाचल दौरे के तहत मंगलवार को मनाली पहुंच गई हैं। एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति दोपहर को मनाली पहुंचीं और सर्किट हाउस में ठहरी हैं। वह सात अक्तूबर तक मनाली में रुकेंगी और आठ अक्तूबर की सुबह मनाली से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

बुधवार को अटल टनल और हिडिंबा मंदिर का कार्यक्रम

उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार के अनुसार राष्ट्रपति सात अक्तूबर को अटल टनल रोहतांग का अवलोकन करने जाएंगी और दोपहर बाद मनाली लौटेंगी। इसके बाद वह हिडिंबा मंदिर जाकर माता हिडिंबा के दर्शन करेंगी और आशीर्वाद लेंगी। इसके बाद वह वापस सर्किट हाउस पहुंचेंगी।

नौ सेक्टरों में बांटा मनाली, 600 जवान तैनात

राष्ट्रपति के मनाली प्रवास को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सुरक्षा के तहत मनाली को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।

सुरक्षा जानकारों के मुताबिक राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए लगभग 600 जवान तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति के मनाली पहुंचने के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत जगह-जगह नाके लगाए गए हैं और आवश्यकता के अनुसार यातायात रोका जाएगा। राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान ड्रोन और पैराग्लाइडिंग के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन की अपील

उपायुक्त ने मनाली के पर्यटन कारोबारियों, नगर परिषद, ऑटो यूनियन, टैक्सी यूनियन और होटलियर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रपति के दौरे को लेकर किए गए सुरक्षा और यातायात प्रबंधों की जानकारी दी।

उन्होंने पर्यटन कारोबारियों से अपील की कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और पर्यटकों को भी यातायात व्यवस्था के बारे में जानकारी देकर उनका मार्गदर्शन करें, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!