केलंग, करंट न्यूज़ : उपायुक्त एवं अध्यक्ष, राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव समिति, लाहुल स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव के तहत 14 अगस्त को जिला मुख्यालय केलंग में पारंपरिक वैभव और सांस्कृतिक रंगों से सजी भव्य महानाटी का आयोजन किया जाएगा।
महानाटी का शुभारंभ पारंपरिक शोभायात्रा के समापन के तुरंत बाद होगा, जिसमें लाहुल-स्पीति के विभिन्न क्षेत्रों की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
*सांस्कृतिक एकता का बनेगा प्रतीक*
उपायुक्त ने कहा कि महानाटी का उद्देश्य जिले की सांस्कृतिक एकता, लोक परंपराओं और जनजातीय पहचान को एक मंच पर प्रदर्शित करना है।
इस आयोजन को अधिक भव्य एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए जिले के सभी महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय सांस्कृतिक दलों तथा अन्य पात्र समूहों से उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया गया है।
*समय पर करें पंजीकरण*
उपायुक्त ने बताया कि आयोजन की समुचित तैयारियों एवं प्रतिभागियों के सुव्यवस्थित प्रबंधन के दृष्टिगत इच्छुक समूह अपनी सहभागिता की पुष्टि खंड विकास अधिकारी, केलंग के कार्यालय में यथाशीघ्र उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जा सकें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनजातीय उत्सव-2026 की महानाटी जिले की सांस्कृतिक समृद्धि, लोक कला और सामुदायिक सौहार्द का जीवंत प्रतीक बनेगी।
उन्होंने सभी पात्र समूहों से पारंपरिक वेशभूषा एवं लोक संस्कृति की गरिमा के अनुरूप अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित कर इस सांस्कृतिक महाआयोजन को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाने में अपना सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।