Spread the love

कुल्लू | करंट न्यूज़: 
मानसून के आते ही कुल्लू जिला में प्रकृति का कहर शुरू हो गया है। आज मंगलवार सांय को जिला की *गड़सा घाटी* में ठेला से पीछे *हुरला नाले में बादल फटने* की आशंका जताई जा रही है। नाले में अचानक आई भारी बाढ़ के कारण पानी का बहाव तेज हो गया और साथ में मिट्टी, पत्थर और मलबा बहकर आने लगा।  इस आपदा में *राउली पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त* हो गया है।

*पल भर में बह गया पुल, 10 घर हुए अलग-थलग

जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 की बाढ़ में हल्का-फुल्का क्षतिग्रस्त हुआ *राउली पुल* आज की बाढ़ में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के टूटने से नाले के पार बसे *8 से 10 घरों का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट* गया है। 

ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने आने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आएंगी।

*पहले भी मांगी थी मदद, नहीं हुई सुनवाई

स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पुल की जर्जर हालत को देखते हुए पहले ही जिला प्रशासन और *NHPC* के अधिकारियों से गुहार लगाई थी कि पुल को पक्का किया जाए या बचाव के इंतजाम किए जाएं। लेकिन उनकी मांग पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। नतीजा आज पुल पूरी तरह तबाह हो गया।

एक ग्रामीण ने कहा, “हमने पहले ही कहा था कि बरसात में यह पुल नहीं टिकेगा। अब जब बह गया तो प्रशासन आएगा।”

*अभी जान-माल का नुकसान नहीं*

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने नाले के आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया है और नाले से दूर रहने की हिदायत दी है। 

फिलहाल इस घटना में किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। इस बीच उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि बादल फटने की जानकारी मिली है। प्रशासन अलर्ट मोड पर है और इस घटना की जानकारी एकत्रित की जा रही है।

*मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कुल्लू जिला में भारी बारिश का *येलो अलर्ट* जारी किया है। जिला प्रशासन ने सभी नदी-नालों के किनारे न जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।

आपदा की इस पहली बड़ी घटना के बाद गड़सा घाटी के लोगों में दहशत का माहौल पनपने लगा है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!