Spread the love

करंट न्यूज डेस्क
कुल्लू

अब एटीएम फ्रॉड, फेसबुक फ्रॉड और एटीएम कलोन फ्रॉड के बाद शातिरों ने ठगी का एक नया तरीका अपनाया है। शातिर लोगों को उनके सिमकार्ड ब्लॉक होने के नाम पर फोन कर उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं।

ऐसा ही एक मेसेज करंट न्यूज के संपादक को पिछले दिनों जीयो कंपनी के नाम आया। जिसमें लिखा है कि आपका सिमकार्ड 24 घंटे ब्लॉक हो जायेगा। क्योंकि आपके दस्तावेजों की वैधता खत्म हो गई है। जिसकी खोजबीन करने पर वह मेसेज फर्जी पाया गया।

उधर जिला कांगड़ा में मोबाइल सिमकार्ड को बंद करने के मेसेज लोगों को उनके मोबाइल नंबर पर भेजे जा रहे हैं। उन मेसेज में भी यही लिखा जा रहा है कि उनके सिमकार्ड को उनके दस्तावेज पूरे न होने के कारण ब्लॉक कर दिया जाएगा।

अगर वे अपने सिमकार्ड को चालू रखना चाहते हैं तो मेसेज में दर्शाए गए मोबाइल नंबर पर 24 घंटे में कॉल करें। वहीं इस नंबर पर कॉल करने के बाद दूसरे राज्य से संबंधित व्यक्ति उन्हें कई प्रकार की ऐप डाउनलोड करने को कह रहा है।

इसके अलावा वह उन्हें अपने मोबाइल में एनी डेस्क को डाउनलोड करने को कह रहे हैं तथा इसके बाद इस ऐप को डाउनलोड होने के बाद आ रहे यूनिक नंबर को साझा करने को कह रहे हैं। वहीं, इस यूनिक नंबर को साझा करने के बाद व्यक्ति का पूरा मोबाइल शातिर के कब्जे में होगा और वह किसी भी प्रकार के फ्रॉड को अंजाम दे सकता है।

क्या है एनी डेस्क

एनी डेस्क एक सॉफ्टवेयर है, जिस पर किसी भी व्यक्ति के साथ कोड शेयर करने के बाद, संबंधित व्यक्ति के मोबाइल को शातिर आसानी से खोल सकता है। वहीं, अगर एक बार किसी भी मोबाइल पर एनी डेस्क सॉफ्टवेयर ओपन हो गया तो शातिर संबंधित मोबाइल के एसएमएस और चौट से लेकर अन्य पूरी जानकारी को चुरा सकता है और कई प्रकार के फ्रॉड को अंजाम दे सकता है।

इस तरह के मेसेज को करें अनदेखाः गौरव सिंह

इस संबंध में कुल्लू के एसपी गौरव सिंह ने कहा कि चूंकि अभी तक कुल्लू जिला में इस तरह का मामला सामने नहीं आया है। लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस साइबर क्राइम के मामले में पूरी तरह से सजग है।

उन्होंने बताया कि पुलिस लोगों को समय-समय पर ऐसे ठगी के तरीकों के बारे में जागरूक करता रहता है। लेकिन लोगों को खुद भी जागरूक होकर इस तरह से आने वाली कॉल्स और मेसेज को अनदेखा करना चाहिए, ताकि वे किसी भी प्रकार की ठगी से बच सकें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!