कुल्लू, करंट न्यूज़ : अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव इस बार परंपरा और तकनीक के अद्भुत संगम के साथ मनाया जाएगा। अटल सदन में गुरुवार को विधायक एवं दशहरा आयोजन समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने कर्टेन रेजर सेरेमनी, टीजर और कॉफी टेबल पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने ऐलान किया कि उत्सव 21 से 27 अक्टूबर तक मनाया जाएगा और इसका कर्टेन रेजर दिल्ली में भी किया जाएगा।

क्यों खास है कुल्लू का दशहरा – 365 देवी-देवताओं की धरती
दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि 17वीं शताब्दी से चली आ रही यह परंपरा पूरे विश्व में अनूठी है। कुल्लू में लगभग 365 स्थानीय देवी-देवता निवास करते हैं, इसलिए इसे देवभूमि कहा जाता है।
इस वर्ष सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा जा चुका है। सात दिवसीय कार्यक्रम परंपरा के अनुसार ही होगा, जिसमें भगवान रघुनाथ जी की रथ यात्रा से उत्सव शुरू होगा और 300 से अधिक देवी-देवता अपने देवरथों के साथ भाग लेंगे।

इस बार दो मेगा शो – ग्लोबल नृत्य और 500 ड्रोन का जादू
ग्लोबल नृत्य विधायक ने कहा इस बार बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की सहभागिता के प्रयास हैं। एक विशेष ‘ग्लोबल नृत्य’ डिजाइन किया जा रहा है, जिसमें भारतीय और विदेशी संस्कृति का मिश्रण होगा।
इसे पेशेवर कोरियोग्राफर थीम सॉन्ग के साथ तैयार करेंगे। विदेशी दल यहां से कुल्लू की संस्कृति को अपने देश में प्रचारित करेंगे। हर साल की तरह अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सव मुख्य आकर्षण रहेगा।

कौन-कौन आ रहा है?
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के सौजन्य से विभिन्न देशों के दल, NZCC से राजस्थान, उत्तराखंड, J&K, पंजाब के दल, उत्तर भारतीय राज्यों और हिमाचल के विभिन्न जिलों के बेहतरीन लोक दलों को आमंत्रित किया गया है।
ड्रोन और लेजर शो
उत्सव के दूसरे, चौथे और छठे दिन भव्य ड्रोन शो होगा, जिसमें लगभग 500 ड्रोन उड़ाकर आकाश में भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य लेजर शो भी आयोजित होगा।

कारोबारियों और जनता के लिए बड़े फैसले
प्लाटों के बेस प्राइस में कोई वृद्धि नहीं की गई है, आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समावेशी बनाया गया है।
बजंतरियों को बड़ी राहत देवताओं के साथ आने वाले बजंतरियों को दी जाने वाली राशि अब सीधे उनके बैंक खाते में जमा होगी, ताकि वे मेले में अपनी जरूरतों पर खर्च कर सकें।

19 सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
खेलकूद गतिविधियों की इनामी राशि बढ़ाई जाएगी।
नशे से प्रभावित युवाओं के लिए प्रदर्शनी मैदान में विशेष डी-एडिक्शन परामर्श केंद्र स्थापित होगा, जहां विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।

सुरक्षा और सुविधा का फुल प्लान
कानून व्यवस्था के लिए होमगार्ड्स, ट्रैफिक वालंटियर, चेक पोस्ट और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा हुई।
पुलिस द्वारा पूरे मेला परिसर पर कड़ी निगरानी के लिए एक कंट्रोल टावर स्थापित किया जाएगा।
आम लोगों की सुविधा के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसें विशेष रूप से चलेंगी। इसके अलावा आनी-निरमंड, मणिकरण, लग और उझी घाटी के लिए भी विशेष बसें चलाई जाएंगी।साफ-सफाई के लिए नगर परिषद कुल्लू द्वारा रात 12 बजे के बाद रोजाना मेला परिसर की सफाई करवाई जाएगी।

विधायक ने कहा कि हिमाचल पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और उन्होंने जिला के सभी लोगों व देव समाज से इस देव समागम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक का संचालन कार्यकारी उपायुक्त एवं उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौर ने किया। इस दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी व लोकेंद्र कुमार, मिल्क फेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, APMC अध्यक्ष राम सिंह मियां, सहायक आयुक्त एवं एसडीएम डॉ जयबंती ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, भगवान रघुनाथ के प्रतिनिधि दानवेंद्र सिंह, कारदार संघ अध्यक्ष दोत राम ठाकुर, एसपी अभिषेक एस सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।