Spread the love

गांव में पसरा मातम – विधायक लोकेंद्र कुमार ने खुद कंधे पर उठाए शव

आनी (कुल्लू), करंट न्यूज़: कुल्लू जिले के आनी उपमंडल से बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने एक ही गांव की खुशियों को छीन लिया। नेशनल हाईवे-305 पर हरिपुर-नागन के पास एक कार (HP 35 9123, हुंडई एक्सटर) गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 4 युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

शादी से लौटते वक्त हुआ काल का शिकार

जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी 5 लोग कुमारसैन के बड़ागांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे हादसा हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

एक ही गांव के 4 चिराग बुझे

मृतकों की पहचान जाबो गांव के रहने वाले राहुल राणा पुत्र जगदीश, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह, गुंजन पुत्र राम प्रकाश व बालकृष्ण पुत्र धिक राम के रूप में हुई है।

वहीं घायल युवक की पहचान सुरेश कुमार (29) पुत्र मोहन लाल निवासी जाबो के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है।

गांव में खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। एक साथ 4 अर्थियां उठने से पूरा इलाका शोक में डूब गया है।

विधायक बने मसीहा, स्ट्रेचर पर लाए शव

हादसे की सूचना मिलते ही आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन का इंतजार किए बिना खुद राहत-बचाव कार्य में हाथ बंटाया और जवानों व ग्रामीणों के साथ मिलकर शवों को स्ट्रेचर पर सड़क तक पहुंचाया।

विधायक ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!