शिमला, करंट न्यूज़ : हिमाचल की सियासत के दूसरे सबसे बड़े गढ़ मंडी को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर बड़ा सियासी हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मंडी जिले में बमुश्किल 5 सीटों तक सिमट जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी हमेशा से भाजपा का मजबूत किला माना जाता रहा है, लेकिन इस बार किले में ही दरारें पड़ चुकी हैं।
‘भाजपा 5 गुटों वाली पार्टी थी, अब 6 गुट हो गए’
CM सुक्खू ने भाजपा की अंदरूनी कलह पर चोट करते हुए कहा – “कुछ समय पहले तक भाजपा पांच गुटों वाली पार्टी थी, लेकिन अब गुटबाजी और बढ़ गई है। भाजपा में गुटों की संख्या पांच से बढ़कर छह हो गई है।”
उनका इशारा साफ था – मंडी में अनुराग ठाकुर गुट, जयराम ठाकुर गुट, महेश्वर गुट, एक भाजपा का नाराज नेताओं का गुट और अब कंगना रनौत के आने के बाद नया गुट। ये सभी गुट एक-दूसरे को निपटाने में लगे हैं।
सोलन-सिरमौर में भी सेंधमारी का प्लान
मुख्यमंत्री ने सिर्फ मंडी ही नहीं, बल्कि शिमला संसदीय क्षेत्र के सोलन और सिरमौर जिलों को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि सोलन और सिरमौर में कांग्रेस कई सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने मानना है कि विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएंगे, कांग्रेस की स्थिति में आशातीत सुधार होता जाएगा। सरकार की योजनाओं – पुरानी पेंशन बहाली, महिलाओं को 1500 रुपये, आपदा में बेहतरीन प्रबंधन – का सीधा लाभ कांग्रेस को मिलेगा।
मंडी पर क्यों है CM की नजर?
मंडी जिले में 10 विधानसभा सीटें हैं। 2022 में भाजपा ने यहां 9 सीटें जीती थीं। CM का 5 सीटों वाला बयान सीधा जयराम ठाकुर को चुनौती है।
असल में CM का यह बयान मंत्रिमंडल विस्तार से भी जुड़ा है। मंडी संसदीय क्षेत्र से एक भी मंत्री नहीं है। अगर सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाया जाता है, तो 5 सीटों वाले टारगेट से भाजपा के किले में सेंधमारी करना आसान हो सकता है।