Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़: राज्य सरकार व उपायुक्त कुल्लू के निर्देशों के अनुसार बीते दिन एसडीएम कुल्लू डॉ. जयबंती ठाकुर के नेतृत्व में उपमंडलीय समिति द्वारा पीएम श्री गर्ल्स स्कूल सुल्तानपुर की समीक्षा की गई। केंद्र सरकार द्वारा तय डेडलाइन से पहले सभी स्कूलों की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

*केंद्र सरकार ने क्या निर्देश दिए*

केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पीएम श्री (PM SHRI – Pradhan Mantri Schools for Rising India) योजना के तहत चयनित स्कूलों की गुणवत्ता का आकलन SQAF (School Quality Assessment Framework) के तहत किया जाए।

मंत्रालय ने 15 सितंबर तक सभी पीएम श्री स्कूलों की समीक्षा कर उसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से PM SHRI SQAF पोर्टल पर अपलोड करने की डेडलाइन तय की है। केंद्र ने कहा है कि समीक्षा केवल कागजी न हो, बल्कि समीक्षक दल मौके पर जाकर स्कूल की वास्तविक स्थिति परखे।

*प्रदेश सरकार ने क्या आदेश जारी किए*

केंद्र के निर्देशों के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार हरकत में आई। शिक्षा सचिव राकेश कंवर, IAS द्वारा 27 अगस्त को पत्र के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आदेश जारी किए। आदेश में कहा गया कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पहले ही राज्य स्तरीय कमेटी गठित की जा चुकी है।

जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में State Reviewer Team और उपमंडल स्तर पर SDM की अध्यक्षता में Sub-Divisional Team का गठन किया जाए।

सभी समीक्षकों के नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी राज्य परियोजना कार्यालय को भेजने और पोर्टल पर Reviewer के रूप में पंजीकृत करवाने के निर्देश भी दिए गए।

*उपायुक्त कुल्लू ने कैसे किया अमल, क्या हैं निर्देश*

शिक्षा सचिव के पत्र के अनुपालन में उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने 05 सितंबर को कार्यालय आदेश जारी किया। आदेश के तहत कुल्लू जिले के 15 पीएम श्री स्कूलों (05 प्राथमिक और 10 सीनियर सेकेंडरी) की समीक्षा के लिए दो स्तरीय ढांचा बनाया गया।

*उपायुक्त कुल्लू ने निर्देश दिए हैं कि* जिला स्तरीय कमेटी के अध्यक्ष उपायुक्त स्वयं होंगे, जिसमें सभी SDM, उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (गुणवत्ता, सेकेंडरी, एलिमेंट्री), प्रिंसिपल DIET और जिला नोडल ऑफिसर (DNO) PM SHRI सदस्य होंगे।

जबकि, उपमंडलीय कमेटी के अध्यक्ष संबंधित SDM होंगे, जिसमें शिक्षा खंडों के BPO और BEEO शामिल होंगे। जिला परियोजना अधिकारी (DPO) और जिला नोडल ऑफिसर (DNO) PM SHRI DIET कुल्लू समीक्षकों का पंजीकरण, स्कूल आवंटन और भ्रमण कार्यक्रम तय करेंगे।
सरकार व उपायुक्त द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक 15 सितंबर से पहले हर हाल में सभी 15 स्कूलों की समीक्षा पूरी होनी चाहिए।

*समीक्षा के दौरान यह गतिविधियां हुईं*

एसडीएम डॉ. जयबंती ठाकुर के नेतृत्व में उपमंडलीय टीम ने पीएम श्री गर्ल्स स्कूल सुल्तानपुर में SQAF पोर्टल पर तय 6 प्रमुख डोमेन पर बारीकी से जांच की।

*शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन* कक्षाओं में शिक्षण कार्य, NEP-2020 के तहत गतिविधियां, लर्निंग आउटकम और छात्राओं की उपस्थिति की पड़ताल की।

*आधारभूत ढांचे का निरीक्षण* क्लासरूम, साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, खेल मैदान और शौचालयों की स्थिति की भी जांच की।

*डिजिटल और ग्रीन पहल* स्मार्ट क्लासरूम, ICT का उपयोग, सोलर लाइट, वाटर हार्वेस्टिंग और स्कूल परिसर की सुंदरता भी देखी।

*समावेशी शिक्षा और सुरक्षा* छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था, समावेशी शिक्षा और मध्यान्ह भोजन योजना जांचा।

*संवाद और फीडबैक* प्रिंसिपल, शिक्षकों और छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव नोट किए गए और मौके पर ही SQAF पोर्टल के School Reviews मॉड्यूल में प्रश्नावली भरी गई।

समीक्षा के बाद टीम अपनी रिपोर्ट जिला स्तरीय कमेटी और फिर राज्य परियोजना कार्यालय को भेजेगी, जहां से उसे केंद्र के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!