Spread the love

विधायक ने जूस पिलाकर तुड़वाया अनशन, पूर्व मंत्री कौल सिंह भी पहुंचे समर्थन में

कुल्लू/मंडी, करंट न्यूज : किरतपुर- मनाली फोरलेन पर झिड़ी में बन रहे फ्लाईओवर के खिलाफ एक अकेले शख्स की जिद और पूरे गांव की एकता ने आखिरकार NHAI की मनमानी पर ब्रेक लगा दिया।

पांच दिन से भूख हड़ताल पर बैठे *कर्मवीर पठानिया* के जुनून के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा। शनिवार को विधायक द्रंग *पूर्ण चंद ठाकुर* की अध्यक्षता में हुई त्रिपक्षीय बैठक में तय हुआ कि हिमाचल हाईकोर्ट का अंतिम फैसला आने तक फ्लाईओवर का एक भी पत्थर नहीं लगेगा।

*5 दिन अनशन, तब जाकर सुनी गई आवाज*

पांच दिन तक कर्मवीर पठानिया भूखे बैठे रहे, ग्रामीण धरने पर डटे रहे, तब जाकर प्रशासन और NHAI के अधिकारियों की नींद खुली। बैठक में NHAI के डिप्टी मैनेजर दिग्व्रत और साइट इंजीनियर संजीव को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। अंत में लिखित सहमति बनी कि यथास्थिति बनाए रखी जाएगी।

*जूस पिलाकर तोड़ा अनशन, दिल्ली तक लड़ाई ले जाने का वादा*

सहमति के बाद विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने खुद कर्मवीर पठानिया को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले को दिल्ली तक उठाया जाएगा और ग्रामीणों के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी।

*कौल सिंह ने भी दिया जोर*

मौके पर पूर्व मंत्री *ठाकुर कौल सिंह* भी पहुंचे और प्रभावितों की मांगों का खुला समर्थन किया। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ग्रामीणों का उजाड़ा नहीं होने दिया जाएगा।

फिलहाल झिड़ी में सन्नाटा है, जेसीबी बंद है और जीत गांव की एकता की हुई है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!