Spread the love

मंडी, करंट न्यूज़ : मंडी जिले के सराज क्षेत्र में रविवार को एक लापरवाही भरा हादसा हो गया। छतरी पंचायत के पास खड़ी पिकअप जीप अचानक अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

सामान उतारने के बाद लौट रहे थे वापस

जानकारी के अनुसार यह पिकअप छतरी मेले के लिए दुकान का सामान लेकर आई थी। सामान खाली करने के बाद इसमें सवार 3 लोग वापस लौट रहे थे। छतरी के पास पहुंचकर चालक इंदर देव ने जीप को स्टार्ट अवस्था में ही छोड़ दिया और सड़क किनारे शौच के लिए नीचे उतर गया।

आंखों के सामने खाई में गिरी गाड़ी

इसी दौरान स्टार्ट जीप धीरे-धीरे आगे सरकने लगी। गाड़ी ने रफ्तार पकड़ी तो चालक ने जोर-जोर से चिल्लाकर अंदर बैठे लोगों को ब्रेक लगाने को कहा। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। जीप तेज गति से अनियंत्रित होकर चालक के सामने ही गहरी खाई में जा गिरी।

1 की मौत, 1 रेफर

इस दुर्घटना में 62 वर्षीय जगदीश चंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छतरी निवासी किशन चंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।

जंजैहली पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस लापरवाही के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!