सुंदरनगर (मंडी), करंट न्यूज़: सुंदरनगर का एक जलाशय अब शर्मसार करने वाली हरकत से सुर्खियों में आ गया है। दिन के उजाले में एक कपल की अश्लील हरकतों का 48 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।
जिसे किसी ने दूर से रिकॉर्ड किया है। सार्वजनिक स्थल को ‘प्राइवेट स्पेस’ समझने की इस गुस्ताखी पर लोग भड़के हुए हैं, तो पुलिस पर भी कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
*CISF की गश्त पर उठे सवाल*
हैरानी की बात यह है कि जिस जलाशय क्षेत्र में यह घटना हुई, वहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की नियमित गश्त का दावा किया जाता है। सवाल उठ रहा है कि फिर दिनदहाड़े यह सब कैसे हो गया?
स्थानीय लोग इसे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाला मामला भी बता रहे हैं और हुड़दंगियों पर लगाम लगाने के लिए गश्त बढ़ाने की भी मांग कर रहे हैं।
*पुलिस की सख्ती, शेयर करने पर चेतावनी*
डीएसपी भारत भूषण ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता परखी जा रही है और पहचान होते ही संबंधित जोड़े पर कड़ा एक्शन होगा।
साथ ही चेताया कि बिना पुष्टि के वीडियो शेयर करने वालों पर भी नजर है, क्योंकि इससे किसी की निजता को ठेस पहुंच सकती है।
फिलहाल युवक-युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होते ही अमर्यादित आचरण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं जनता में गुस्सा इस बात पर है कि आखिर सार्वजनिक जगहों पर ऐसी हरकतें करने का दुस्साहस लोग कैसे करते हैं।