Spread the love

बालीचौकी (मंडी), करंट न्यूज़  : पूर्व जिला परिषद सदस्य संत राम द्वारा मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत के आधार पर बालीचौकी के खंड विकास अधिकारी भवनेश चड्ढा घेरे में आ गए हैं। शिकायत में BDO पर वित्तीय घोटाले, पद के दुरुपयोग और प्रशासनिक तानाशाही के 5 संगीन आरोप लगाए गए हैं।

*शिकायत में लगे प्रमुख आरोप:*

*मुख्यालय से 33 KM दूर ‘आवास’, सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग:* 

शिकायत के अनुसार, BDO ने बालीचौकी मुख्यालय छोड़ 33 KM दूर कलैहली में डेरा जमा रखा है। रोजाना सरकारी वाहन के 4 फेरे लग रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जनता के टैक्स का पैसा डीज़ल में फूंका जा रहा है और अफसर समय पर दफ्तर ही नहीं पहुंचते।

*‘सेग्रीगेशन यार्ड’ खरीद में बड़ा खेल, चहेती फर्म को उपकृत करने का आरोप:* 

शिकायत में कहा गया है कि पंचायतें भंग होने के बावजूद नियम ताक पर रखकर ‘VJ Enterprises’ से ₹50,000 प्रति नग की दर से सैकड़ों सेग्रीगेशन यार्ड खरीदे गए।

आरोप है कि उक्त फर्म का संबंध ब्लॉक के ही एक ग्राम रोजगार सेवक (GRS) से है। शिकायत में दावा किया गया कि 90% पंचायतों में ये यार्ड बेकार पड़े हैं।

*‘हरियाली प्रोजेक्ट’ में टेंडर प्रक्रिया को धता:* 

शिकायत के आधार पर, हरियाली प्रोजेक्ट में कच्चे माल की खरीद बिना टेंडर के मनमाने ढंग से की गई, जिसमें भारी वित्तीय हेरफेर की आशंका जताई गई है।

*मनरेगा मजदूरों से ‘क्रूर मजाक’, काम देने से इनकार का आरोप:* 

शिकायतकर्ता के अनुसार, BDO ने 29.07.2025 के आदेश की गलत व्याख्या कर सैकड़ों जॉब कार्ड धारकों को काम देने से मना कर दिया। आरोप है कि इस फैसले ने गरीब मजदूरों की रोजी-रोटी पर लात मारी और सरकार की छवि को धूमिल किया।

*करोड़ों की पंचायत निधि ‘संदिग्ध’ तरीके से प्राइवेट बैंक में शिफ्ट:* 

शिकायत में सबसे गंभीर आरोप है कि पंचायत को विश्वास में लिए बिना करोड़ों रुपये बालीचौकी के बैंकों से निकालकर 35 KM दूर भुंतर के ICICI बैंक में ट्रांसफर कर दिए गए। शिकायत में मोटे कमीशन के लेन-देन का अंदेशा जताया गया है।

*पूर्व जिला परिषद सदस्य की मांग:* 

शिकायत के आधार पर संत राम ने CM से BDO का तत्काल तबादला और पूरे मामले की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

*डिस्क्लेमर:* यह समाचार पूर्व जिला परिषद सदस्य संत राम द्वारा मुख्यमंत्री को भेजी गई लिखित शिकायत पर आधारित है। समाचार में उल्लेखित सभी बिंदु शिकायतकर्ता के आरोप हैं। करंट न्यूज़ इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। मामले में अंतिम सत्य निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!