Spread the love

सुंदरनगर, मंडी, करंट न्यूज़ : “नशा नाश की जड़ है” – ये कहावत रविवार रात मंडी के सुंदरनगर उपमंडल के तहत गहरी गांव में सच साबित हो गई। घर का चिराग ही घर को अंधेरा कर गया। शराब के नशे में एक कलयुगी बेटे ने पहले पिता पर डंडा बरसाया, फिर बचाने आई मां को मौत के घाट उतार दिया।

*10 बजे शुरू हुआ मौत का तांडव

जिला के सुंदरनगर उपमंडल के बीएसएल थाना क्षेत्र के गहरी गांव में बीती रात करीब 10 बजे 40 साल का खेमा राम अपने 61 वर्षीय पिता फागनु राम से उलझ गया। वजह? शराब के नशे में शुरू हुई मामूली कहासुनी। बात इतनी बढ़ी कि खेमा ने घर में रखा डंडा उठाया और पिता पर टूट पड़ा।

चीख-पुकार सुनकर 55 वर्षीय मां पार्वती देवी पति को बचाने दौड़ीं। मगर नशे में अंधे हो चुके बेटे ने रिश्तों का भी लिहाज नहीं किया। मां के सिर पर डंडे का ऐसा वार किया कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पिता फागनु राम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

*11 बजे पहुंची पुलिस, आरोपी सलाखों के पीछे

पड़ोसियों की सूचना पर रात 11 बजे बीएसएल थाना पुलिस गांव पहुंची। घायल पिता को तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी खेमा राम को मौके से ही धर दबोचा।

*शिमला से गांव आई थी मौत

सबसे दर्दनाक पहलू ये है कि मृतका पार्वती देवी शिमला में सरकारी कर्मचारी थीं। पूरा परिवार शिमला में ही रहता है। कुछ दिन पहले ही मक्की की बिजाई के लिए सब पैतृक गांव आए थे। किसे पता था कि अपने ही खेत-खलिहान में मौत उनका इंतजार कर रही है।

फिलहाल पार्वती देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी का मेडिकल करवाकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

एक पल का गुस्सा और नशे की लत ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!