कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी में स्थित मिनी इजरायल के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में शनिवार सायं लगभग 6 बजे हुए गोली कांड में पंजाब के 4 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक आरोपी फरार है। वहीं, घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सांय लगभग 6 बजे कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में पंजाब से आए कुछ पर्यटकों व स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जो बाद में झगड़े में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग की घटना भी घटित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय मनप्रीत सिंह पुत्र जितेन्द्र सिंह निवासी गांव मियानी, जिला तरनतारन, पंजाब, 22 वर्षीय अमन रंधावा पुत्र मेजर सिंह निवासी गांव चननके, जिला अमृतसर, पंजाब, 17 वर्षीय सुखमनदीप सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी डाकघर शियांपरी, पिंड चम्ब, मखू, जिला फिरोजपुर, पंजाब व 29 वर्षीय करणदीप सिंह पुत्र सरदार मलविंदर सिंह निवासी डेरा रोड, हनुमान मंदिर के सामने, बटाला शहर, जिला गुरदासपुर, पंजाब के तौर पर हुई है।
जबकि, घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति तमन निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में हर महत्वपूर्ण पहलू पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा इस प्रकरण के संदर्भ में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।