शिमला, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के चौपाल क्षेत्र के तहत कुहल गांव में मामूली कहासुनी पर एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वहीं, पुलिस ने आरोपी को शिकायतकर्ता की मुस्तैदी की वजह से मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार आधी रात को लगभग 2 बजे हुई इस वारदात के बाद शिकायतकर्ता भगत राम निवासी कुहल डाकघर धबास तहसील चौपाल ने बताया कि आरोपी दीपक दर्जी ने अपने भाई मस्तराम को फोन पर बताया कि उसकी समीर से कहासुनी हुई।
इस कहासुनी के बाद उसने चाकू से गोद कर समीर की हत्या कर दी। बताया कि मस्तराम द्वारा जानकारी देने पर भगत राम कमरे में पहुंचा। तो वहां दीपक को दरवाजे पर खड़ा हुआ मिला। दीपक ने बताया कि कहासुनी के दौरान समीर के सिर पर चाकू से वार हो गया।
शिकायतकर्ता ने आरोपी दीपक दर्जी को कमरे में ही रोककर रखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।
वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। समीर चौधरी पुत्र मंगत राम निवासी नेपाल को बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया। उसके सिर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था।
बताया जा रहा कि आरोपी और मृतक दोनों नेपाली हैं और कमरे में एक साथ रहते थे। पुलिस ने जांच के लिए एसएफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।