हमीरपुर : प्रदेश में हो रहे पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के दौरान हमीरपुर जिला के जिला परिषद वार्ड ऊहल के बनालग पोलिंग बूथ पर शनिवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब स्थानीय विधायक और भाजपा समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार के पति आपस में भिड़ गए।
बताया जा रहा है कि बूथ निरीक्षण को लेकर शुरू शुरू बहस ने देखते ही देखते बड़े विवाद का रूप ले लिया। जिससे मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुजानपुर के कांग्रेस विधायक जब बनालग पोलिंग बूथ का जायजा लेने पहुंचे, तो भाजपा समर्थित जिला परिषद प्रत्याशी मंगलेश ठाकुर के पति ने उनके आने पर कड़ी आपत्ति जताई।
प्रत्याशी के पति का कहना था कि विधायक की उपस्थिति यहां पर मतदान को प्रभावित कर सकती है। इसी बात को लेकर दोनों जबरदस्त बहस शुरू हो गई। जिसने जल्द ही तीखी नोकझोंक और हंगामे का रूप ले लिया। जिससे कुछ देर के लिए बूथ परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
लेकिन मौके पर तैनात चुनाव अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करवाया गया। उसके बाद ही मतदान प्रक्रिया फिर से सुचारू रूप से शुरू हो सकी।
हालांकि, इस मसले पर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत किसी के पास दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन जिस तरह से दोनों के बीच तीखी बहस हुई, वह चर्चा का विषय बनी हुई है।