कुल्लू, करंट न्यूज़ : जिला मुख्यालय के साथ लगते बदाह में भारत सरकार से मान्यता प्राप्त सक्षम मल्टी स्किल सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पटेल इंजीनियरिंग कंपनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष मनोज पटियाल ने सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन संजय शर्मा, प्रबंध निदेशक प्रशांत शर्मा तथा शाखा प्रबंधक धीरज कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संस्थान के चेयरमैन संजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल्लू स्थित सक्षम मल्टी स्किल सेंटर हिमाचल प्रदेश का मूल केंद्र होगा, जिसका संचालन स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य 10वीं और 12वीं पास युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है, विशेषकर उन युवाओं को जो पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर बैठे हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित सीएसआर योजनाओं के अंतर्गत होटल मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी, शेफ, फूड एंड बेवरेज एवं सर्विस इंडस्ट्री से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इस योजना के तहत 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के 10वीं पास युवाओं को दो से तीन वर्ष तक का निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
संजय शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश कौशल भत्ता योजना के तहत लाभ भी मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के लिए प्रसिद्ध कंपनी से जोड़ा जाएगा, जहां रहने, खाने-पीने की सुविधा के साथ लगभग 9800 रुपये मासिक वजीफा भी प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को एक वर्षीय होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा भी दिया जाएगा, इससे युवाओं को सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
इसके अलावा सक्षम केंद्र द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य किया जा रहा है। संस्थान का भारत शिक्षा संस्थान के साथ सहयोग है, जिसके तहत कुल्लू में क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया जाएगा। यहां निजी स्कूलों व संस्थानों को समकक्षता और मान्यता संबंधी सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
संस्थान प्रबंधन ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई युवा रोजगार या कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहता है, तो वह सक्षम मल्टी स्किल सेंटर से संपर्क कर भविष्य को बेहतर बना सकता है।