शिमला, करंट न्यूज़ : जॉइंट विलेज रेवेन्यू ऑफिसर एवं कानूनगो एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बीते दिन प्रदेश अध्यक्ष रजनीश शर्मा की अध्यक्षता में राजस्व मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा, निदेशक भू-अभिलेख अभिषेक वर्मा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव हरीश गज्जू, राजस्व विभाग के अतिरिक्त सचिव बलवान चंद एवं अनिल चौहान, संयुक्त सचिव राजस्व सुनील वर्मा तथा अतिरिक्त निदेशक भू-अभिलेख राखी से भी भेंट कर नवगठित राज्य कार्यकारिणी की जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान एसोसिएशन द्वारा राजस्व विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं विभागीय कार्यों को और अधिक सुचारू बनाने से संबंधित विषयों पर सकारात्मक चर्चा की गई। मंत्री एवं अधिकारियों ने एसोसिएशन के सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा भविष्य में सभी मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रदेश अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने कहा कि एसोसिएशन राजस्व प्रशासन को जनोन्मुखी व पारदर्शी बनाने के लिए सरकार के साथ पूर्ण सहयोग को प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों का समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।