कुल्लू, करंट न्यूज़ : नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला की सैंज पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सैंज पुलिस ने एक महिला को 2 किलो 35 ग्राम चरस व 56 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सैंज थाना प्रभारी छज्जू राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लारजी के पास नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग भी की जा रही थी।
इसी दौरान सैंज की तरफ से आई एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया तो उसमें सवार एक महिला की तलाशी लेने पर उसके बैग से 2 किलो 35 ग्राम चरस तथा 56 ग्राम अफ़ीम बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला की पहचान 57 वर्षीय इंदिरा देवी पत्नी मिने राम निवासी गांव बकसाहाल तहसील सैंज जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सैंज थाना में मामला दर्ज कर लिया है।
इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ शुरू कर दी है। ताकि पता लगाया जा सके कि वह चरस की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई थी और किसको सप्लाई की जानी थी।