मंडी : जिला के बल्ह उपमंडल की लोहारा पंचायत के रिंज गांव में रविवार रात को दादा द्वारा चलाई गई गोली से घायल पोते उमेश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक से एम्स बिलासपुर को रेफर किया था।

लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को मद्देनजर रखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जहां पर उसके पेट का ऑपरेशन किया जाएगा।
उधर, झगड़े के बाद आरोपी पूर्व सैनिक दादा भादरू राम की ग्रामीणों द्वारा पिटाई करने से घायल होने पर उसे भी उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि भादरू राम का स्वभाव शुरू से ही झगड़ालू रहा है। सेना में रहते हुए भी उसने अपने पिता के साथ मारपीट की थी और सेवा अवधि पूरी होने से पहले ही घर लौट आया था। परिवार के सदस्यों के साथ उसका अक्सर विवाद होता रहता था।

रविवार को भी उसका अपने बेटे के साथ झगड़ा हुआ था। रात लगभग 8 बजे जब उसकी बहू और पोता रसोई के बाहर खड़े थे, तभी भादरू राम ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। हालांकि उसने बहू को गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन पोता उमेश बीच बचाव करते हुए चपेट में आ गया।

गोली उसके बाजू और कूल्हे में जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अक्सर बंदूक लेकर परिवार को डराता-धमकाता रहता था।

रात लगभग आठ बजे घटना की सूचना मिलते ही बल्ह थाना से पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उसके कुछ ही देर बाद एसपी विनोद कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की बंदूक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, एसपी विनोद कुमार का कहना है कि मनीषा चौधरी की शिकायत पर बल्ह पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पारिवारिक कलह को प्रारंभिक तौर पर गोलीकांड की वजह मानी जा रही है। कहा कि पुलिस गंभीरता से मामले जांच कर रही है।