Spread the love

आनी (कुल्लू), करंट न्यूज़ : सड़कों पर बेसहारा घूमते गौ वंश के संरक्षण व संबर्धन के लिए गौ सेवा समिति द्वारा गौ सम्मान अभियान छेड़ा गया है। जिला कुल्लू के आनी उपमंडल में इस अभियान की शुरुआत के लिए मंगलवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई।

जिसमें राजस्थान से आए गौ सम्मान मुख्य संयोजक बाबा शिव राम महाराज और सह संयोजक बाबा अंगद दास ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता गौ सेवा समिति जिला कुल्लू के संयोजक ज्ञान चन्द ठाकुर ने की। उनके साथ जिला के सह संयोजक दुनीचंद भी मौजूद रहे। बैठक में गौ वंश की वर्तमान दुर्दशा पर चिंता जताई गई।

राजस्थान से आए मुख्य संयोजक बाबा शिव राम महाराज ने कहा कि जिस पहाड़ी गाय के शरीर में संसार के 33 करोड़ देवी देवताओं का वास है। ग्रामीण समाज में जिस गाय को गौ माता के तुल्य मानकर उसकी पूजा की जाती है। उसकी दुर्दशा आज मानवीय उपेक्षा के कारण बद से बदतर हो गई है। जो हिंदू समाज व सनातन संस्कृति के चिंता का विषय है।

गाय व गौ वंश आज कहीं मानवीय प्रताड़ना कहीं सड़कों में वाहनों की चपेट से जख्मी तो कहीं प्राकृतिक प्रकोप का शिकार हो रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि गौ वंश की आज बूचड़खाने में बड़े पैमाने पर हत्त्या की जा रही है। जिसकी रोकथाम के लिए हिंदुओं को आगे आकर गौ सम्मान आहवान अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि गौ माता के संरक्षण व संवर्धन के लिए हिमाचल प्रदेश में हर उपमंडल, ब्लॉक व ग्राम स्तर पर गौ सेवा समितियों का गठन किया जायेगा। गौ वंश की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ा जायेगा। वहीं इस अभियान के अंतर्गत 27 अप्रैल व 27 जुलाई को समूचे राष्ट्र में गौ सम्मान दिवस मनाया जायेगा।

इस दिवस पर प्रत्येक उपमंडल स्तर पर गौ सेवा समितियों द्वारा एक ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा देश के महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित किया जायेगा। जिसमें गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ रक्षा हेतू केंद्रीय कानून बनाने और भारत वर्ष में गौ ह्त्या पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने जैसी मांगे प्रमुख रहेंगी।

इस बैठक में व्यापार मंडल प्रधान विनोद चंदेल, श्यामा नन्द. ललित सोनी, रिंकू राणा, लोकेश कुमार. गुलाब ठाकुर, ललित शर्मा. छबिन्द्र शर्मा, बोध नायारण गौड़, तथा उत्तम सहित अन्य कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!