Spread the love

नेरचौक (मंडी), करंट न्यूज़ : मंडी-चैलचौक सड़क मार्ग पर स्थित नलसर में होली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। व्यापार मंडल नलसर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

सुबह कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। जिसके बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में तब और निखार आ गया जब इस होली उत्सव में नेरचौक प्रेस क्लब, ट्रक यूनियन नलसर, सरस्वती विद्या मंदिर नलसर और विधायक इंद्र सिंह गांधी एवं उनकी टीम सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की कार्यक्रम में मौजूदगी ने उत्सव को और भी मनोरंजक और आनंदित बना दिया।

कार्यक्रम स्थल पर रंगों की फुहारों के बीच डीजे की धुन पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी जमकर थिरके। माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।

बच्चों ने भी रंगों के साथ खेलकर आनंद लिया। आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए लोगों ने सामूहिक रूप से इस पर्व को मनाया।

व्यापार मंडल नलसर के प्रधान हरीश कुमार ने बताया कि नलसर में इस प्रकार का होली उत्सव पहली बार इतने व्यवस्थित रूप से आयोजित किया गया।

भविष्य में भी हर वर्ष व्यापार मंडल के सहयोग से इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ताकि क्षेत्र के लोग एक मंच पर एकत्रित होकर पर्वों की खुशियां साझा कर सकें।

स्थानीय लोगों ने व्यापार मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!