काज़ा, करंट न्यूज़ : ज़िला लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने काज़ा में एडीसी कार्यालय में टेलिस्कोप लाभार्थियों को समर्पित किए। यह पहल क्षेत्र में खगोल विज्ञान, पर्यटन और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।

विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि स्पीति जैसे स्वच्छ और ऊंचाई वाले क्षेत्र में आकाश दर्शन (स्टार गेज़िंग) की अपार संभावनाएं हैं। टेलिस्कोप उपलब्ध करवाने से स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा तथा एस्ट्रो-टूरिज्म को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने लाभार्थियों से उपकरणों का सही उपयोग और संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और स्पीति की पहचान एक प्रमुख खगोल पर्यटन स्थल के रूप में मजबूत होगी।

इस अवसर पर एसडीएम काजा दीक्षित राणा, एक्सीएन लोक निर्माण विभाग अभिषेक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।