Spread the love

कुल्लू, प्रिया शर्मा : जिला कुल्लू में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने की ओर बढ़ रहा है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए प्रशासन द्वारा खोखन के समीप भुलंग रोड़ पर 140 बीघा भूमि का चयन कर लिया गया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने दी।

डॉ. ठाकुर देव सदन में लला मेमे फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिला कुल्लू सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल्लू अस्पताल में जल्द ही कैथ लैब की शुरुआत की जाएगी। इसके शुरू होने से हृदय रोगियों का उपचार यहीं संभव हो सकेगा और मरीजों को शिमला या चंडीगढ़ रेफर होने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

इसके अलावा तेगुबेहड़ अस्पताल में एक आधुनिक क्रिटिकल केयर सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जहां आपातकालीन सेवाओं सहित सभी जरूरी उपचार उपलब्ध होंगे। इस केंद्र में सात विशेषज्ञ चिकित्सकों और नौ तकनीशियनों की तैनाती की जाएगी।

डॉ. रंजीत ठाकुर ने लला मेमे फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और ऐसे सामाजिक कार्य जरूरतमंदों को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. पी.डी. लाल, डॉ. चंद्र मोहन परशीरा व मंगल मनेपा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!