Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : लाहुल स्पीति के आध्यात्मिक शिवभक्त लला मेमे की पंद्रहवीं पुण्यतिथि के अवसर पर लला मेमे फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 4 फरवरी को ढालपुर देव सदन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशाल रक्तदान शिविर के माध्यम से न केवल रक्त एकत्रित किया जाएगा, बल्कि रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे ‘रक्तवीरों’ को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।

इन सेवाभावी युवाओं को सम्मानित करने का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को प्रेरित करना है। ताकि वे भविष्य में भी रक्तदान के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहकर समाज की रक्षा करें।

इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन कुल्लू जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर द्वारा किया जाएगा।

रक्तदान शिविर के संयोजक प्रेम लाल, सह-संयोजक बीजू और राज सिंघानिया ने संयुक्त बयान में बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आईटीआई, संस्कृत महाविद्यालय, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, सीमा सड़क संगठन, बीआरओ, एचआरटीसी, डाइट और कुल्लू-लाहुल के युवाओं का सहयोग इस रक्तदान शिविर में रहेगा।

लला मेमे फाउंडेशन के अध्यक्ष मंगल मनेपा ने बताया कि फाउंडेशन अब तक विभिन्न शिविरों के माध्यम से 8000 यूनिट रक्त एकत्रित कर चुका है। बताया कि यह प्रदेश का एकमात्र ऐसा रक्तदान शिविर है जिसमें सेना, अर्ध सेना और पुलिस के जवान रक्तदान करके लगातार पिछले चौदह सालों से समाज को सेवा के लिए प्रेरित करते आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में फाउंडेशन ह्वाट्सऐप के माध्यम से कुल्लू, बिलासपुर, शिमला और चंडीगढ़ में रक्त का प्रबंध करता है।

वहीं, ग्रीन पीस कॉलोनी की अध्यक्षा सुशीला ने बताया कि रक्तदान शिविर में ग्रीन पीस कॉलोनी की समस्त महिला और युवा मंडल द्वारा हर वर्ष की भांति सभी रक्तवीरों को नमकीन चाय व स्थानीय व्यंजन परोसे जाएँगे।

मंगल मनेपा ने युवाओं से आह्वान करते हुए इस रक्तदान महाकुंभ में 4 फ़रवरी को कुल्लू जिला मुख्यालय पर देवसदन ढालपुर में प्रातः 10.30 बजे ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में पधार कर रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह की शान बढ़ाने और पुण्य का भागीदार बने।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!