आनी (कुल्लू), करंट न्यूज़ : उपमंडल मुख्यालय आनी में 77 वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। उपमंडल स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह में एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा विभिन्न टुकड़ियों से परेड की सलामी ली। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने राष्ट्रीय गान से समारोह का विधिवत आगाज किया।

समारोह के मुख्यातिथि एसडीएम लक्ष्मण कनेट ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यों की याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने समारोह के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया कि सच्ची देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि अपने आचरण और कर्मों से प्रकट होती है। आनी की धरती पर आयोजित यह आयोजन नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता नज़र आया।

इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के स्कूली बच्चों और महिला मंडल पारलीधार की महिलाओं ने समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देश प्रेम की खूब छटा बिखेरी। विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने राष्ट्रप्रेम. एकता और अनुशासन का संदेश दिया।

इस अवसर पर कई छात्रों ने अपने भाषण की प्रस्तुति से संविधान की गरिमा, नागरिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों व अन्य प्रतिभाओं को मुख्यातिथि एसडीएम लक्ष्मण कनेट के कर कमलों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर समारोह में मुख्यातिथि के साथ डीएसपी राजीव मेहता, तहसीलदार रतनेश्वर् शर्मा, नायब तहसीलदार मोती राम चौहान, कार्यकारी बीडीओ अंजना शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी मंजुला शर्मा, आरओ चवाई, समाज सेविका शशि मल्होत्रा तथा समाज सेवी परस राम सहित अन्य कई अधिकारी. कर्मचारी मौजूद रहे।