रामपुर (शिमला), करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 19 जनवरी (सोमवार) को एक दिवसीय दौरे पर रामपुर बुशहर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह 7:30 बजे राजभवन, शिमला से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर प्रातः 9:05 बजे सर्किट हाउस नारकंडा पहुंचेंगे, जहां वे संक्षिप्त विश्राम व नाश्ता करेंगे।
इसके उपरांत राज्यपाल प्रातः 9:30 बजे नारकंडा से प्रस्थान कर 11 बजे सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंस्टीट्यूट फॉर टीचर एजुकेशन, नोगली (बलना), रामपुर बुशहर पहुंचेंगे। यहां वे संस्थान के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर भोज का आयोजन भी किया गया है।
दोपहर 2 बजे राज्यपाल संस्थान से प्रस्थान कर 2:20 बजे सर्किट हाउस, रामपुर पहुंचेंगे, जहां वे टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
बैठक उपरांत राज्यपाल शाम 4 बजे सर्किट हाउस रामपुर से रवाना होकर 5:40 बजे पुनः सर्किट हाउस नारकंडा पहुंचेंगे, जहां अल्प विश्राम के बाद वे शाम 6 बजे शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि 7:35 बजे राजभवन, शिमला पहुंचेंगे।
राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।