मंडी : नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए सुंदरनगर पुलिस ने 2 अलग -अलग मामलों में चिट्टे व चरस के साथ 3 युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले में सुंदरनगर के पुलिस थाना बीएसएल कालोनी की टीम ने न्यू कालोनी में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान 2 युवकों को 7 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों से 25 हजार की नकदी भी बरामद की है।
आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र बलराज कुमार निवासी गांव व डाकघर तलवाड़ा, तहसील नंगल व जिला रूपनगर पंजाब और 42 वर्षीय सुनील दत्त पुत्र वेद प्रकाश निवासी गांव व डाकघर नौटला, तहसील श्री नयनादेवी जिला बिलासपुर के तौर पर हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने पर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं, दूसरे मामले में डैहर पुलिस चौकी की टीम ने अलसू पुल के पास फोरलेन पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान मंडी की तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस को चेकिंग के लिए रोका गया।
चेकिंग करने पर बस में सवार एक युवक से 438 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान अक्षय कुमार पुत्र करनैल सिंह निवासी गांव समोह, डाकघर बणी, तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के तौर पर हुई है।
आरोपी को कोर्ट में पेश करने पर 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला है।पुलिस दोनों मामलों के आरोपियों से पूछताछ कर रही है।