कुल्लू, करंट न्यूज़ : जिला कुल्लू में नशा तस्करों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी के दौरान कुल 2 किलो 465 ग्राम चरस बरामद की है। इस कार्रवाई में राजस्थान के एक युवक समेत कुल्लू के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
यह जानकारी एएसपी एसटीएफ (नारकोटिक्स) मंडी स्थित कुल्लू, शिव चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
*जाछनी में HRTC बस से पकड़ा राजस्थान का तस्कर*
एएसपी शिव चौधरी ने बताया कि शनिवार को मणिकर्ण रोड पर जछनी में नाकाबंदी के दौरान एक स्थानीय इलेक्ट्रिक एचआरटीसी बस में भुंतर की ओर यात्रा कर रहे एक युवक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 465 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान लक्की नायक पुत्र गोविंद सिंह नायक, निवासी बी-296, गांधीनगर, कच्ची बस्ती, विज्ञाननगर, इंद्रापुरा, पी-आई-पी, कोटा, राजस्थान, आयु 22 वर्ष के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना भुंतर में मामला दर्ज किया जा रहा है।

*बिंद्रावनी में कार से बरामद हुई 2 किलो चरस, कुल्लू के 2 तस्कर गिरफ्तार*
दूसरी बड़ी कार्रवाई में बिंद्रावनी में नाकाबंदी के दौरान कार नंबर HP 34D 0266 की तलाशी ली गई। कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 2 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
एएसपी शिव चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश कुमार, निवासी बनोगी और प्रीतम सिंह, निवासी भेखली, दोनों निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना एसटीएफ मंडी में मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगामी जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से छानबीन की जा रही है।