कुल्लू, करंट न्यूज़ : जिला के प्रवेश द्वार भुंतर में ब्यास व पार्वती नदी के संगम पर बना पुल लंबे समय के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो जाएगा। इस संबंध में एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने आदेश जारी कर दिए हैं।

आदेश के मुताबिक भुंतर बैली ब्रिज 20 दिसंबर से सभी वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी आदेशों तक बंद रहेगा।

एसडीएम द्वारा आदेश की प्रति उपायुक्त, एस.पी. और लोक निर्माण विभाग के सिविल और मैकेनिकल विंग को भी जारी कर दी है।

आदेश के मुताबिक पुलिस को निर्देशित किया गया है कि वह वाहनों की आवाजाही को उचित स्थान से सुनिश्चित करें। साथ लोगो को इस मामले में सहयोग करे। ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि भुंतर बैली ब्रिज लगभग 11 माह से भारी वाहनों के आवागमन के लिए पहले से बंद है। लेकिन अव सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो जाएगा।
जानकारी के मुताबिक भुंतर बैली ब्रिज को ठीक करने के लिए इसका 40.60 मीटर लंबा हिस्सा नया आर.सी.सी. का बनाया जाना है। जिसका निर्माण कार्य 20 दिसंबर से शुरू किया जा रहा है। इसी के चले इस पुल से वाहनों का आवागमन बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

भुंतर पुल से वाहनों की आवाजाही बंद होने से भुंतर से मणिकर्ण, गड़सा व कुल्लू के लिए बाईपास होते हुए आने-जाने वाले वाहनों को अब भुंतर से बजौरा पुल या फिर फ्लाइओवर होकर आना-जाना पडे़गा। जिस कारण लोगों को करीब 12 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना होगा।
जबकि मंडी की ओर से गड़सा, मणिकर्ण और वाईपास होकर कुल्लू-मनाली की ओर जाने वाले वाहनों को बजौरा से पहले झिड़ी से ही फोरलेन होकर जाना होगा।

जबकि कुल्लू से मणिकर्ण व गड़सा की ओर जाने वाले वाहनों को भी झिड़ी व बजौरा होकर ही जाना होगा या फिर कुल्लू से ही वाम तट फोरलेन होकर जाना पड़ेगा।