बिलासपुर: राजधानी शिमला से पंजाब के दो सैलानियों को मनाली लेकर गए टैक्सी चालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मनाली से लौटते समय बिलासपुर के घागस के पास चालक की हत्या कर दी गई और शव को किरतपुर नहर में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी पंजाब फरार हो गए।
गौरतलब है कि विक्ट्री टनल में टूअर एंड ट्रैवल का काम करने वाले रामकृष्ण मनाली से बिलासपुर आते समय बीच रास्ते में लापता हो गए थे। इसके बाद उनके बेटे की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने टैक्सी को लुधियाना से बरामद करने में कामयाबी हासिल की, लेकिन हरिकृष्ण का कोई सुराग नहीं लग पाया। वाहन में खून के धब्बे भी मिले। अब पुलिस ने दो आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में उनके बेटे देशराज ने बताया कि 24 जून को उसके पिता अपनी टैक्सी में दो सवारियों को ताराहाल शिमला से मनाली लेकर गए। 25 जून की शाम करीब 8 बजे इसकी घर पर बात हुई तो उन्होंने कहा कि मैं बरमाणा पहुंच गया हूं। सवारियां बिलासपुर छोड़कर गांव चला जाऊंगा।
इसके बाद रात को 11 बजे उनका फोन ऑफ हो गया। 26 जून देशराज पिता की तलाश में दाड़लाघाट, भराड़ीघाट व बरमाणा की तरफ गया। तो भराड़ीघाट कयारड़ा पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में टैक्सी दिखाई दी, जिसे एक सैलानी चला रहा था जबकि दूसरा बैठा हुआ था। उन्होंने बताया कि पिछली सीट पर कोई व्यक्ति लेटा हुआ दिख रहा था। इसके बाद एक बार फिर 26 जून को मोबाइल ऑन होने पर उसकी लोकेशन नम्होल के पास
आ रही थी। देशराज ने शक जाहिर किया है कि टैक्सी में मनाली घूमने गए गुरमीत सिंह और जसकरण सिंह निवासी लुधियाना ने किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसके पिता को गायब कर दिया है। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि आरोपियों को पकड़कर बिलासपुर लाया गया है। उनसे पूछताछ के बाद ही इस पूरे मामले का खुलासा होगा।