मंडी
पिछले दिन जिला के सिराज क्षेत्र के शिल्ह गांव में निजी कंपनी का दूध पीने के बाद संदिग्ध हालत में हुई जुड़वा बच्चियों की मौत के बाद सुंदरनगर क्षेत्र में कंपनी के दूग्ध उत्पाद की सप्लाई तुरंत प्रभाव से रोकने के लिए पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है।
इसके लिए एसएचओ गोहर द्वारा एसएचओ सुंदरनगर को पत्र जारी कर दिया गया है। इसके बाद सुंदरनगर क्षेत्र के करियाना और दवा विक्रेताओं में हडकंप मच गया है। सुंदरनगर क्षेत्र के लोगों में भी खबर से सनसनी का माहौल है। जबकि दुग्ध उत्पाद किसी नामी कंपनी का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शिल्ह गांव के परिवार ने सुंदरनगर में किसी दुकान से निजी कंपनी का दूध लिया था। जिसको पिलाने के बाद मंगलवार सुबह शिल्ह गांव में साढ़े पांच माह की दो जुड़वां बच्चियों की संदिग्ध मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार बच्चियों को पिलाए दूध के उत्पाद की वैधता (वेलिडिटी) अभी जुलाई माह तक है।
जबकि एसएचओ गोहर लाल सिंह ने एसएचओ सुंदरनगर को पत्र लिखने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस उत्पाद का ऐसा असर कहीं दूसरी जगह देखने को न मिले। इसके लिए एसएचओ सुंदरनगर के माध्यम से क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उधर, बुधवार को भी बच्चियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट न आने से इनकी मौत का रहस्य बरकरार बना हुआ है। पुलिस बिसरा रिपोर्ट के इंतजार में है। इसके बाद बच्चियों की संदिग्ध मौत से पर्दा उठ पाएगा।
माना जा रहा है कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार तक ही पुलिस को मिल सकती है। उसके बाद ही बच्चियों की मौत के रहस्य से पर्दा उठ सकता है।