करंट न्यूज ब्यूरो
कुल्लू
देश की महत्वकांक्षी जल विद्युत जल परियोजना पार्वती के चरण दो के तहत शिलागढ़ से आगे पंचानाला में बन रही एनएचपीसी की टनल धंसने से बड़ा हादसा हुआ है। जिसमें चार कामगारों की मौत होने की जानकारी मिली है। एक कामगार को गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकार के अनुसार शुक्रवार शाम करीब पौने छः बजे के आसपास पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण दो की पंचानाला में निर्माणाधीन सुरंग अचानक धंस गई। जिससे सुरंग में काम कर रहे पांच मजदूरों के दबने की जानकारी मिली।
इस संदर्भ में पार्वती चरण दो के महाप्रबंधक के पीए बाबू लाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में चार कामगारों की मौत हो गई है। एक कामगार को गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल उपचार के लिये भर्ती करवाया गया है।
समाचार लिखे जाने तक हादसे के संदर्भ में पूरी जानकारी सूचना नहीं मिल पाई है। लेकिन कुल्लू के एसडीएम अमित गुलेरिया अपनी टीम के साथ घटना स्थल के लिये रवाना हो गये हैं।
घटना के संदर्भ में जानकारी लेने के लिये जिला के अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कुछ अधिकारी नेकवर्क क्षेत्र से बाहर पाये गये तो कुछ अत्याधिक व्यस्त पाये गये।
यह भी जानकारी मिली है कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। इसके अलावा डीएसपी मुख्यालय और बीएमओ घटना स्थल के लिए रवाना हुए। दो एंबुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गईं। अभी तक हादसे के बारे में अधिकारिक तौर पर किसी ने भी पुष्टि नहीं की है।