Spread the love

धर्मचंद यादव
कुल्लू

जिला के वरशैणी में एनएचपीसी का काम कर रही बलीचा कंपनी के लिये बिजली बोर्ड के बड़े अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रख लगाये गये मीटर को जिस जेई ने पकड़ा, बोर्ड के अधिकारियों ने उसे ही चार्जशीट कर दिया। यही नहीं उसके खिलाफ आगे भी कार्रवाई किये जाने के संकेत मिले हैं।

गौरतलब है कि 8 नवंबर 2014 को बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने एक ठेकेदार की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रख करके बलीचा कंपनी के लिये बिजली का मीटर लगवा दिया। जिसके लिये कोई भी औपचारिकता पूरी नहीं की गई।

जानकारी के अनुसार यह मीटर बोर्ड के स्टोर इंचार्ज द्वारा उस समय के एक्सीयन हरेंद्र ठाकुर द्वारा फोन पर दिये गये आदेश पर एसडीओ शांतिलाल को बिना इंडेंट लिये दिया गया था। जबकि जेई को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

इसके साथ वरशैणी इलाके का चार्ज एक ऐसे जेई को दे दिया गया जिसे फील्ड का कोई ज्ञान नहीं था। क्योंकि वह जेई बोर्ड के सब स्टेशन विंग का है। यह भी जानकारी मिली है कि जब जेई कुछ समय बाद स्टोर में सामान लेने गया तो स्टोर इंचार्ज ने मीटर जारी किये जाने के संदर्भ में जानकारी देते हुये जेई से मीटर का इंडेंट भी ले लिया।

उसके बाद जब जेई ने कंपनी के कार्यस्थल का निरीक्षण किया तो वह मीटर वहां पर लगा हुआ पाया गया। जिस पर जेई ने गलत तरीके से लगे इस मीटर की रिपोर्ट अपने एसडीओ व अन्य अधिकारियों को दी। लेकिन बड़े अधिकारियों ने इस पर कोई गौर नहीं किया। बिजली की सप्लाई लगातार जारी रखी गई।

इसके बाद अगस्त 2015 में उस समय के एक्सीयन द्वारा इस मीटर के संबंध में नया आदेश जारी किया। तो जेई ने मीटर का सारा डेटा लाउनलोड़ कर लिया। जिस पर बिजली बोर्ड के अधिकारियों को मजबूरन कंपनी को लगभग 80 लाख का बिल देना पड़ा। यहीं से इस मामले की विभागीय जांच भी शुरू हुई।

कंपनी द्वारा बिल न भरने पर अप्रैल 2016 में बिजली सप्लाई काट दी गई। तो कंपनी ने बिल का कुछ पैसा जमा करवाया और पुनः बिजली सप्लाई बहाल करने का आग्रह किया। लेकिन कंपनी द्वारा फिर भी मीटर के संबंध कोई औपचारिकता पूरी नहीं की गई और उस समय के एसई द्वारा एक्सीयन के आग्रह पर बिजली सप्लाई बहाल करने को स्वीकृती दे दी गई। उधर गलत तरीके से बिजली मीटर लगाये जानी की विभागीय जांच भी जारी रही।

बिजली सप्लाई बहाल होने के बाद 2017 में कंपनी को डेढ़ करोड़ का बिल दिया गया। लेकिन कंपनी ने बिल नहीं भरा और यहां से काम समेट कर रफुचक्कर हो गई। विभागीय जांच जारी रही और बोर्ड के पांच उच्च अधिकारियों की जांच कमेटी ने अपनी जांच में इस घोटाले के लिये उस समय के एसई राजीव सूद, एक्सीयन हरेंद्र ठाकुर व एसडीओ शांतिलाल को दोषी मानते हुये उनके खिलाफ कार्रवाई करने की अनुशंसा की।

जबकि जेई का इस मामले में संलिप्त होना नहीं पाया गया। लेकिन हैरत इस बात की है कि बोर्ड के अधिकारियों ने एसडीओ के साथ उस जेई को तो चार्जशीट कर दिया। जिसके कारण यह घोटाला सामने आया। लेकिन एसई व एक्सीयन को पदोन्नति देकर इस घोटाले से साफ बरी कर दिया।

बिजली बोर्ड के सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब इस मामले में फिर से जेई व एसडीओ को निशाना बनाते हुये उनके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है। जबकि एसई व एक्सीयन को बचाते हुये उस समय के एसई को फिर पदोन्नति दिये जाने की तैयारी चल रही है।

जबकि जिस जेई ने यह मीटर पकड़ा, उसे फील्ड में काम करने का कोई ज्ञान नहीं है। इसके बावजूद भी उस जेई को बोर्ड के अधिकारियों द्वारा चार्जशीट करना इस बात की तरफ साफ संकेत कर रहा है कि बोर्ड के बड़े अधिकारी इस घोटाले में शामिल एसई व एक्सीयन को बचाने में लगे हुये हैं।
……………कल भी जारी

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!