करंट न्यूज ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)
जिला पुलिस द्वारा नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ छेड़े गये अभियान के तहत बंजार पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। जिसमें पुलिस ने दो युवको को 5 किलो 161 ग्राम चरस के साथ दबोचा है।
जानकारी देते हुये एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि रविवार देर रात को बंजार पुलिस टीम ने एसएचओ रामलाल के नेतृत्व में बंजार के फागुपुल के पास नाका लगाा हुआ था।
इसी दौरान देर रात लगभग 2 बजे बंजार की तरफ से एक गाड़ी आई। गाड़ी एचपी 02के 2146 में दो लोग सवार थे। जिसे रोक कर शक के आधार पर पुलिस टीम ने गाड़ी को तलाशी के लिए रोका। गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से पांच किलो 161 ग्राम चरस बरामद हुई।
जिनकी पहचान वाहन चालक महेंद्र सिंह निवासी ग्रामंग डाकघर सालंग जिला कुल्लू और खेमराज निवासी ग्राम डाकघर सालंग जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है। पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी दीपक कुमार, ओम प्रकाश, श्यामदास, संजय कुमार, व कर्मचंद शामिल थे।