Spread the love

मंडी, करंट न्यूज़: देवभूमि’ को नशे का अड्डा बनाने की साजिश नाकाम करते हुए STF कुल्लू की टीम ने बीती रात मंडी-सुंदरनगर फोरलेन पर तरोट के पास बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

STF ने कार्रवाई करते हुए 1.055 किलोग्राम चरस के साथ राजस्थान के 4 अंतरराज्यीय तस्करों को धर दबोचा। चरस सफेद फोर्ड इकोस्पोर्ट कार RJ 18CB 3954 की डिक्की में मैट के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी।

ऐसे फंसे नशे के सौदागर

STF कुल्लू की टीम ASI भानु प्रताप, आरक्षी शाहिद अली, आरक्षी मोमिन खान और आरक्षी शंकर सिद्धार्थ के नेतृत्व में तरोट, मंडी-सुंदरनगर फोरलेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंडी की तरफ से आ रही सफेद फोर्ड इकोस्पोर्ट को शक के आधार पर रोका गया।

तलाशी में खुला राज

पुलिस द्वारा कार की तलाशी के दौरान डिक्की में मैट हटाते ही 5 पैकेट चरस बरामद हुए। जिसका कुल वजन 1.055 किलोग्राम निकला। तो कार में सवार चारों युवकों के चेहरे की हवाइयां उड़ गई।

पुलिस ने मौके पर ही चारों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान आशीष कुमार (39 वर्ष) चालक, निवासी झुंझनु, राजस्थान, विरेन्द्र कुमार (29 वर्ष) निवासी झुंझनु, राजस्थान, जैकी (20 वर्ष) निवासी झुंझनु, राजस्थान व प्रमोद (19 वर्ष) निवासी झुंझनु, राजस्थान के तौर पर हुई है।

इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह में 19 और 20 साल के दो युवक भी शामिल हैं, जो नशे के इस गंदे धंधे में धकेले गए हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना धनोटू, जिला मंडी में NDPS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगामी तफ्तीश थाना धनोटू द्वारा की जा रही है।

पुलिस अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है। कि 1 किलो से ज्यादा चरस की खेप कहां से लाई गई और डिलीवरी किसे होनी थी?

गौरतलब है कि STF की इस कार्रवाई ने फिर साबित किया है कि हिमाचल पुलिस नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए हर वक्त मुस्तैद है। राजस्थान से हिमाचल तक फैले इस नेटवर्क की हर कड़ी तक पुलिस पहुंचेगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!