शिमला, करंट न्यूज़ : राज्य सरकार व पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ गए व्यापक अभियान के तहत शिमला जिला की रोहड़ू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रोहड़ू पुलिस ने पिछले दिनों बरामद 53.13 ग्राम चिट्टा मामले में उसके मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रोहड़ू पुलिस टीम ने अपने सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर रोहड़ू के गुंदडु मोहल्ला की एक दुकान में छापेमारी की, तो वहां से 53.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था, यह मामला इसी वर्ष 26 मार्च का है।
पुलिस ने इस मामले में दो युवकों 24 वर्षीय सुनील पुहारता व 36 वर्षीय पिंकू राम को गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा व्यापक छानबीन करने के साथ ही तकनीकी जांच के आधार पर पाया कि गिरफ्तार किए गए टिंकू राम का संपर्क उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी सलमान हैदर के साथ है। जो चिट्टे का बड़ा सप्लायर माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक सलमान हैदर कुछ समय पहले रोहड़ू बाजार में मैकेनिक के तौर पर काम करता था। इस दौरान उसने स्थानीय युवकों के साथ अपना संपर्क मजबूत कर नशा तस्करी के लिए नेटवर्क तैयार किया। जिसके बूते वह बिजनौर से भारी मात्रा में यहां के लिए चिट्टे की सप्लाई करता था। रोहड़ू पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच करते हुए सलमान हैदर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। ताकि पूरे गिरोह का पता लग सके और इलाके के लिए बाहर से आने वाली चिट्टे की सप्लाई को बंद करवाया जा सके।