करंट न्यूज ब्यूरो
आनी (कुल्लू)
आनी के खंड विकास अधिकारी जीसी पाठक उनकी टीम को मनरेगा सहित ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन को लेकर सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान प्रशस्ति पत्र के तौर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग हिमाचल प्रदेश के निदेशक ललित जैन द्वारा दिया गया।
खंड विकास अधिकारी जीसी पाठक ने निदेशक ललित जैन का आभार जताते हुए कहा कि उनके अब तक के आनी के कार्यकाल में उन्होंने अपनी टीम के सहयोग से ग्रामीण विकास कार्यक्रमों एवं योजनाओं खासकर मनरेगा में बेहतरीन कार्य करते हुए लगभग हर लंबित काम को पूरा कर दिया है।
जबकि मुख्यमंत्री एक बीघा योजना के तहत आनी खण्ड में 575 आवेदन स्वीकृत हुए हैं, जिन पर 5 करोड 75 लाख रुपयों की धनराशि स्वीकृत हुई है। इस योजना के लाभान्वित पात्र लोगों में से अधिकांश ने अपनी इस जमीन पर सेब के बागीचे उगाए हैं। जिससे कि उनकी आर्थिकी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगा।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग हिमाचल प्रदेश के निदेशक ललित जैन ने जीसी पाठक के अलावा मनरेगा के कंप्यूटर ऑपरेटर अजय कुमार और एसईबीपीओ चमन लाल की भी अपने प्रशस्ति पत्र में प्रशंसा की है।