हमीरपुर, करंट न्यूज़: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर के नए अकादमिक ब्लॉक का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में पिछले 40 वर्षों में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक सुधार हो रहा है। सरकार परंपरागत तरीके से काम करने के बजाय आधुनिक तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

*हिमाचल बनेगा हेल्थ हब, 4 मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल को स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बनाना है, ताकि आने वाले 10 वर्षों में देश के अन्य क्षेत्रों से भी लोग उपचार के लिए हिमाचल आएं।
इसी उद्देश्य से सभी मेडिकल कॉलेजों में MRI, 3 टेस्ला MRI सहित अत्याधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं। प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू की गई है, जो उत्तर भारत के किसी भी अस्पताल में नहीं है। हर मेडिकल कॉलेज में 30 करोड़ की लागत से ऑटोमेटेड लैब बन रही है।

*डॉक्टरों की भर्ती तेज, संवेदनशील व्यवहार की नसीहत*
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया तेज की गई है। PG करने वाले डॉक्टरों के बॉन्ड प्रावधानों में छूट पर विचार हो रहा है। BSc नर्सिंग और रेडियोग्राफर की सीटें बढ़ाई गई हैं।
उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि आधुनिक मशीनों के साथ-साथ मरीज-केंद्रित संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी है।

*हमीरपुर-नेरचौक पर फोकस, MBBS के छोटे बैच*
सीएम ने कहा कि IGMC शिमला और टांडा के बाद अब हमीरपुर और नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में बेहतरीन सुविधाओं पर फोकस है। MBBS छात्रों को 60-60 के बैच में पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। हमीरपुर में देश का पहला Allied & Healthcare कॉलेज शुरू किया गया है, इस वर्ष चार कोर्स शुरू हुए हैं, अगले साल चार और शुरू होंगे।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, ओबीसी वित्त निगम उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।