मंडी, करंट न्यूज़: नशे के सौदागरों के खिलाफ मंडी पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। सरकाघाट पुलिस ने चंदैश में नाका लगाकर एक पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में चरस बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम रोज की तरह वाहनों की जांच कर रही थी। तभी पटड़ीघाट की ओर से आई पिकअप नंबर HP 65A-2433 को रोककर चेक किया गया। तो गाड़ी के भीतर एक जगह लोहे की प्लेट असामान्य तरीके से लगी देख पुलिस को शक हुआ।
प्लेट उखाड़ते ही उसके नीचे एक पैकेट छिपाकर रखा गया था। खोलने पर उसमें 1 किलो 567 ग्राम चरस बरामद हुई।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चरस को जब्त कर चालक अमर सिंह निवासी तहसील पधर, जिला मंडी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
थाना सरकाघाट में आरोपी के विरुद्ध NDPS अधिनियम की धाराओं 20, 25, 61/85 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ के लिए पुलिस अदालत से रिमांड मांगेगी।
पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक जाना चाहती है कि ये खेप कहां से आई और किसे सप्लाई होनी थी। इस दिशा में जांच शुरू कर दी गई है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बरामदगी की पुष्टि की है।