कुल्लू, करंट न्यूज़ : रोटरी आई हॉस्पिटल गांधीनगर को नया आई सर्जन मिल गया है। बीते दिन आंखों के विशेषज्ञ डॉ. तरुण सूद ने अस्पताल में विधिवत रूप से पदभार संभाला।
कुल्लवी शॉल-टोपी से स्वागत
रोटरी आई हॉस्पिटल चेयरमैन रोटेरियन इंदीवर मेहता ने उनका पारंपरिक कुल्लवी शॉल व टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर रोटरी क्लब कुल्लू के संस्थापक सदस्य डॉ. पी.डी. लाल, रोटेरियन वी.के. कपूर, रोटरी असिस्टेंट गवर्नर हिमाचल जोन रोटेरियन अंशुल पराशर व महासचिव रोटेरियन अमन भल्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

PGI का अनुभव, हिमाचल के पहले कॉर्निया सर्जन
नवनियुक्त डॉ. सूद ने बताया कि वह इससे पहले PGI चंडीगढ़ में सेवाएं दे चुके हैं। वह हिमाचल प्रदेश के पहले कॉर्निया, मोतियाबिंद, रेफ्रेक्टिव सर्जन हैं और उन्हें फेको (Faico) में स्नातक डिग्री प्राप्त है।
अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा
चेयरमैन इंदीवर मेहता ने बताया कि पिछले वर्ष स्थानीय मांग पर गांधीनगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल शुरू किया गया था। अब आई सर्जन की तैनाती से लोगों को आंखों के ऑपरेशन के लिए कुल्लू से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। बताया कि जरूरतमंदों के ऑपरेशन सस्ती दरों पर किए जाएंगे।

11 वार्डों में लगेंगे फ्री कैंप
महासचिव अमन भल्ला ने बताया कि शीघ्र ही कुल्लू नगर परिषद के 11 वार्डों में आंखों के निशुल्क चेकअप शिविर लगाए जाएंगे।