गोहर (मंडी), करंट न्यूज़ : जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ पूरी तरह से भाजपा विधायक विनोद कुमार द्वारा हाईजैक कर लिया गया है, अब वही बात कांग्रेस संगठन ने भी मान ली है। इस संदर्भ में *करंट न्यूज़ ने पिछले दिनों खबर प्रकाशित की थी*
लेकिन बड़ा सवाल ये है कि संगठन के बहिष्कार, न आने का आग्रह और शिक्षण संस्थान परिसर के प्रयोग को लेकर हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इसी विवादित मेले में शिरकत करने जा रहे हैं। उनका टूर प्रोग्राम भी जारी हो गया है।
*ब्लॉक कांग्रेस ने क्या लिखा डिप्टी CM को?*
21 सितंबर को *ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नाचन-28 के अध्यक्ष दीप कुमार* ने उप मुख्यमंत्री को एक अति-महत्वपूर्ण पत्र लिखा है। पत्र में सब कुछ साफ कहा गया है।
*कांग्रेस संगठन और सरकार की अनदेखी:* भाजपा विधायक विनोद कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से मेले को पूरी तरह हाईजैक कर लिया है। मेला समिति ने नाचन ब्लॉक कांग्रेस संगठन और सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधियों को पूरी तरह दरकिनार किया है।
*भाजपा के बहकावे में आने की साजिश:* पत्र में आरोप है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त कुछ लोग जैसे सुरेंद्र कुमार शर्मा (टिंकू) भाजपा विधायक के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आपको धोखे में रखकर मेले में लाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि सरकार को हाईकोर्ट के कानूनी फेर में फंसाकर कांग्रेस संगठन को नीचा दिखाया जा सके।
इसलिए *नाचन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सर्वसम्मति से इस अवैध और संगठन विरोधी मेले का बहिष्कार किया है।*
ब्लॉक कांग्रेस ने डिप्टी CM से आग्रह किया है कि वे इस मेले में शामिल न हों और नाचन का पूरा कांग्रेस परिवार जल्द ही विधानसभा क्षेत्र के भीतर हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आपका भव्य स्वागत व नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित करेगा। लेकिन उपमुख्यमंत्री ने ब्लॉक कांग्रेस के इस आग्रह को भी ठेंगा दिखा दिया।
*फिर भी निमंत्रण पत्र जारी*
इन सबके बावजूद *ग्राम पंचायत बासा और मेला प्रबंधक समिति* द्वारा जारी निमंत्रण पत्र के अनुसार मेला समापन *24 सितंबर 2026 को 11 बजे ख्योड़ मैदान* में ही उप मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
अब सवाल यही है कि जब खुद कांग्रेस संगठन ही इस मेले को अवैध और भाजपा द्वारा हाईजैक बता रहा है और हाईकोर्ट के निर्देश भी हैं कि किसी भी शिक्षण संस्थान परिसर का उपयोग गैर शिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए नहीं किया जाएगा। लेकिन फिर उप मुख्यमंत्री का इस मेले में जाना कितना उचित है? यह चर्चा का विषय बना हुआ है।