बंजार (कुल्लू), करंट न्यूज़ : हिमाचल की वादियों में घूमने का सपना संजोकर आए केरल के एक युवक के लिए कुल्लू की सड़कें काल बन गईं। जिभी-सोझा मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
*कैसे हुआ हादसा?*
रविवार को दोपहर करीब 1:50 बजे पन्डला नाला, निचला सोझा के समीप यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शी के बयान के अनुसार, वह अपनी टैक्सी से सोझा से जिभी की ओर आ रहा था।
उसके आगे एक मोटरसाइकिल पर एक युवक और एक युवती सवार थे। पन्डला नाला के पास चालक द्वारा तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।
*मृतक और घायल की पहचान*
हादसे में मोटरसाइकिल चालक *सबिन मैथ्यू कुरियन पुत्र के.एम. कुरियाकोस, निवासी कंदनादन हाउस, मजुवन्नूर पी.ओ., पेरुम्बावूर, जिला एर्नाकुलम, केरल* की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।
बाइक पर सवार *अक्षरा जोस पुत्री के.वी. जोस कट्टुबल्लिल, निवासी कट्टाट्टुकुलम, कोथमंगलम, जिला एर्नाकुलम, केरल* गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया है।
पुलिस थाना बंजार में मामला पंजीकृत कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।