केलंग, करंट न्यूज़ :
राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 के तहत केलांग में एक साथ कई रंगारंग आयोजन हुए। पारंपरिक बुनाई प्रतियोगिता से लेकर मिनी मैराथन और विशेष स्वच्छता अभियान तक, जिला प्रशासन ने उत्सव से पहले ही पूरे जिले में उत्साह और जागरूकता का माहौल बना दिया।

बुनाई प्रतियोगिता: महिलाओं के हुनर को मिला मंच, खामटूल स्वयं सहायता बना विजेता
जनजातीय मेले के अवसर पर केलांग में बुनाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 7 स्वयं सहायता समूहों और 1 महिला मंडल की 16 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पारंपरिक बुनाई कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं की पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करना और हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाना था।

विजेताओं की सूची:
प्रथम स्थान: खामटूल स्वयं सहायता समूह, द्वितीय स्थान पर महिला स्वयं सहायता समूह व तृतीय स्थान पर संगम स्वयं सहायता समूह रहा।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी मुनीष राय, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक और NRLM के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मिनी मैराथन: युवाओं में फिटनेस का जुनून, अर्जुन और मनीषा बने चैंपियन
जनजातीय उत्सव के तहत मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ को एसडीएम केलांग कुनिका ऐकर्स ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उद्देश्य: युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली और खेलों के प्रति जागरूक करना।

विजेताओं की सूची:
पुरुष वर्ग: प्रथम – अर्जुन, द्वितीय – कृष्ण, तृतीय – हितेश रहे। जबकि महिला वर्ग में प्रथम – मनीषा, द्वितीय – गीता, तृतीय – उषा रही। अंडर-15 वर्ग: प्रथम – लक्ष्य, द्वितीय – दिव्यांश, तृतीय – जिग्मे। 50+ आयु वर्ग: प्रथम – सुरेश रहें।
विजेताओं को एसडीएम कुनिका ऐकर्स ने सम्मानित किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

स्वच्छता अभियान: DC किरण भड़ाना के नेतृत्व में ‘स्वच्छ केलांग, सुंदर केलांग’ का संकल्प
जनजातीय उत्सव से पहले जिला प्रशासन ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान साहस और हीलिंग हिमालय NGO के सहयोग से आयोजित किया गया।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभियान का नेतृत्व किया।
अभियान की शुरुआत DC कार्यालय परिसर से होकर केलांग बस स्टैंड होते हुए केलांग बाजार तक चली। सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों को कचरा न फेंकने के लिए जागरूक भी किया गया।

DC किरण भड़ाना ने कहा – “स्वच्छता एक दिन का काम नहीं, यह हमारी दैनिक जिम्मेदारी है। लाहौल की प्राकृतिक सुंदरता हमारी पहचान है। उत्सव में बड़ी संख्या में लोग आएंगे, ऐसे में केलांग को स्वच्छ रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।”
उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की।

अभियान में एसडीएम कुनिका ऐकर्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्वयंसेवक शामिल हुए।
जनजातीय उत्सव-2026 के ये आयोजन न केवल लाहौल-स्पीति की संस्कृति और खेल प्रतिभा को उजागर कर रहे हैं, बल्कि स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दे रहे हैं।