बंजार, करंट न्यूज़ :
टेट प्रभावित शिक्षक मोर्चा हिमाचल प्रदेश के संगठनात्मक विस्तार को मजबूती देते हुए खंड बंजार की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में घनश्याम ठाकुर को खंड बंजार का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों के हितों की रक्षा प्राथमिकता: घनश्याम ठाकुर
नवनियुक्त अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि टेट प्रभावित शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं का समाधान और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर शिक्षक हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि घनश्याम ठाकुर के नेतृत्व में खंड बंजार इकाई और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनेगी तथा शिक्षकों की आवाज को सरकार और संबंधित विभागों तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
ये बने पदाधिकारी
बैठक में नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई।
- महासचिव: मोहिंदर शर्मा।
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष: गोपाल सिंह।
- उपाध्यक्ष: चमना नेगी, सुरेश कुमार, यशवंत सिंह।
- सह सचिव: किशोर नेगी।
- कोषाध्यक्ष: हेम चंद सागर।
- प्रेस सचिव: ध्यान सिंह।
- मुख्य सलाहकार: कुलदीप।
आरटीई से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टेट थोपना अन्याय
इस अवसर पर संगठन ने दोहराया कि “शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त अध्यापकों पर टेट लागू करना घोर विडंबना है।” पदाधिकारियों ने कहा कि मोर्चा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाता रहेगा और टेट प्रभावित शिक्षकों के न्यायोचित अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।
अंत में टेट प्रभावित शिक्षक मोर्चा हिमाचल प्रदेश ने नवगठित बंजार कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि नई टीम “शिक्षक हित सर्वोपरि” की भावना के साथ काम करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।